
अल्मोड़ा/हवालबाग – आगामी पंचायत चुनावों के तहत हवालबाग क्षेत्र से ब्लॉक प्रमुख प्रत्याशी हिमानी कुण्डू पत्नी श्री भारत भूषण कुण्डू की नामांकन पात्रता की जांच निर्वाचन अधिकारी द्वारा पूर्ण कर ली गई है। जांच में पाया गया कि उम्मीदवार, प्रस्तावक एवं अनुमोदक—तीनों विधिवत पात्र हैं और उनके नामांकन पत्र में कोई त्रुटि या आपत्ति नहीं पाई गई।
निर्वाचन अधिकारी ने आधिकारिक प्रमाण-पत्र जारी कर बताया कि नामांकन प्रक्रिया के दौरान प्रस्तुत सभी आवश्यक दस्तावेज, शपथपत्र एवं पात्रता मानकों का गहन परीक्षण किया गया। जांच के उपरांत यह स्पष्ट हुआ कि हिमाली कुण्डू निर्वाचन में प्रत्याशी बनने की सभी विधिक शर्तें पूरी करती हैं।
निर्वाचन प्रक्रिया के इस चरण के पूर्ण होते ही समर्थकों में उत्साह का माहौल देखा गया। नामांकन वैध होने की सूचना मिलते ही हवालबाग क्षेत्र में कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने खुशी जाहिर की। कई स्थानों पर समर्थकों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी और आगामी चुनाव में विजय की कामना की।
हिमानी कुण्डू ने नामांकन वैध होने पर सभी समर्थकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वे जनता के विश्वास और सहयोग के बल पर विकास, पारदर्शिता और सेवा को प्राथमिकता देते हुए कार्य करेंगी। साथ ही उन्होंने स्वच्छ एवं शांतिपूर्ण चुनाव प्रक्रिया में सभी से सहयोग की अपील की।
गौरतलब है कि नामांकन जांच की प्रक्रिया में उम्मीदवार और उनके प्रस्तावक एवं अनुमोदक की पात्रता की पुष्टि की जाती है। इस प्रमाणन के साथ ही हिमाली कुण्डू अब आधिकारिक रूप से हवालबाग क्षेत्र से ब्लॉक प्रमुख पद के लिए चुनावी मैदान में उतर चुकी हैं।





