
गांधी पार्क से निकलेगा सांस्कृतिक जुलूस, विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान के लिए होंगे सम्मान
अल्मोड़ा:
33वां उमेश डोभाल स्मृति सम्मान समारोह 24 और 25 मार्च को जिला पंचायत सभागार, अल्मोड़ा में आयोजित किया जाएगा। आयोजन समिति की बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा पर विस्तृत चर्चा करते हुए विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
स्वर्गीय पत्रकार उमेश डोभाल की स्मृति में यह समारोह हर वर्ष प्रदेश के अलग-अलग जिलों में आयोजित किया जाता है, जिसमें पत्रकारिता सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया जाता है।
इस वर्ष कार्यक्रम की शुरुआत 24 मार्च को प्रातः 11:30 बजे गांधी पार्क से समारोह स्थल तक सांस्कृतिक जुलूस के साथ होगी। इसके बाद दोपहर 2:00 बजे “उत्तराखंड राज्य के 25 वर्ष” विषय पर विशेषज्ञों द्वारा व्याख्यान दिए जाएंगे। 25 मार्च को मुख्य सम्मान समारोह आयोजित होगा, जिसमें चयनित प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा।
आयोजन समिति ने सामाजिक, सांस्कृतिक, कर्मचारी एवं पत्रकार संगठनों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक भागीदारी का आह्वान किया है।
बैठक में डॉ. हयात सिंह रावत, प्रकाश पांडेय, डॉ. निर्मल जोशी, राजेंद्र रावत, सीएस द्विवेदी, प्रेस क्लब उपाध्यक्ष कमलेश कनवाल, सचिव अशोक पांडे, उप सचिव कपिल मल्होत्रा, मोहित अधिकारी, किशन जोशी, हरीश भंडारी, हिमांशु लटवाल, दयाकृष्ण कांडपाल, नसीम अहमद, अमित उप्रेती सहित कई सदस्य मौजूद रहे।
इन हस्तियों को मिलेगा सम्मान
उमेश डोभाल स्मृति ट्रस्ट द्वारा प्रतिवर्ष विभिन्न श्रेणियों में सम्मान प्रदान किए जाते हैं। इस वर्ष:
उमेश डोभाल स्मृति सम्मान 2025 कपिलेश भोज को साहित्य के क्षेत्र में उनके समर्पण और प्रेरणादायक कार्यों के लिए दिया जाएगा।
राजेंद्र रावत ‘राजू’ स्मृति जनसरोकार सम्मान पर्यावरण संरक्षण के लिए समर्पित “वृक्ष प्रेमी” किशन सिंह मलड़ा को प्रदान किया जाएगा।
गिरीश तिवारी ‘गिर्दा’ स्मृति जनकवि सम्मान प्रसिद्ध रंगकर्मी यमुना राम को उनके जनपक्षीय नाटकों और जनगीतों के लिए दिया जाएगा।
इसके अलावा ट्रस्ट द्वारा प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं सोशल मीडिया के युवा पत्रकारों को उनके उत्कृष्ट कार्य के आधार पर सम्मानित किया जाएगा। सम्मान स्वरूप 11 हजार रुपये, प्रशस्ति पत्र एवं अंगवस्त्र प्रदान किए जाते हैं।



