
अल्मोड़ा।
जागेश्वर विधानसभा क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न जनसमस्याओं के समाधान को लेकर बुधवार को एक प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी अंशुल सिंह से भेंट कर ज्ञापन सौंपा। यह प्रतिनिधिमंडल भाजपा युवा मोर्चा के पूर्व प्रदेश मंत्री दीपक पांडे के नेतृत्व में जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने विशेष रूप से लमगड़ा और डोल मंडल क्षेत्र की समस्याओं की ओर जिला प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि लमगड़ा क्षेत्र अंतर्गत वमनस्वाल–गुरुड़ाबांज मोटर मार्ग की स्थिति अत्यंत खराब हो चुकी है। लंबे समय से इस मार्ग पर डामरीकरण न होने के कारण स्थानीय ग्रामीणों, विद्यार्थियों और मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के मौसम में सड़क की हालत और भी बदतर हो जाती है, जिससे आवागमन बाधित हो रहा है। प्रतिनिधिमंडल ने शीघ्र इस मार्ग के डामरीकरण की मांग करते हुए इसे प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृत करने का आग्रह किया।
इसके अतिरिक्त चायखान क्षेत्र में स्थित प्रापा (प्राथमिक कृषि उत्पादन समिति) के क्षतिग्रस्त भवन की मरम्मत का मुद्दा भी जिलाधिकारी के समक्ष रखा गया। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि भवन की जर्जर स्थिति के कारण समिति से जुड़े लोगों को कार्य संचालन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। भवन की मरम्मत न होने की स्थिति में किसी भी समय दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।
प्रतिनिधिमंडल ने लमगड़ा और डोल मंडल के कई गांवों में हाल ही में दैवीय आपदा से हुई क्षति का भी उल्लेख किया। आपदा के कारण क्षेत्र में कई पैदल मार्ग क्षतिग्रस्त हो गए हैं, जिससे ग्रामीणों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। साथ ही पेयजल योजनाओं और अन्य सार्वजनिक परिसंपत्तियों को भी नुकसान पहुंचा है। प्रतिनिधिमंडल ने इन सभी क्षतिग्रस्त परिसंपत्तियों की शीघ्र मरम्मत कराए जाने तथा इसके लिए आवश्यक बजट जारी करने की मांग की।
जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने प्रतिनिधिमंडल की सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े मामलों में प्रशासन पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य करेगा।
इस अवसर पर लमगड़ा मंडल अध्यक्ष हरीश सिजवाली, डोल मंडल अध्यक्ष दिनेश पांडे सहित अन्य कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।


