
अल्मोड़ा। डुबकिया वार्ड में लंबे समय से लोगों की सुरक्षा के लिए तुन के एक बड़े वृक्ष की कटाई (लॉपिंग) की मांग उठ रही थी। इस संबंध में वार्ड की पार्षद अंजू बिष्ट ने पूर्व में जिलाधिकारी अंशुल सिंह से मुलाकात कर समस्या से अवगत कराया था।
पार्षद की पहल पर जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने मामले का संज्ञान लेते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद एसडीएम संजय कुमार अपनी टीम, पटवारी और वन विभाग के अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे और वृक्ष का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान वन विभाग की ओर से बीट अधिकारी विवेक तिवारी, वन दरोगा अमित भैसवाड़ा सहित अन्य कर्मचारी भी उपस्थित रहे। निरीक्षण के बाद एसडीएम ने तुन के वृक्ष की लॉपिंग (शाखाओं की कटाई) की अनुमति प्रदान कर दी, जिससे क्षेत्रवासियों को राहत मिली है।
स्थानीय लोगों ने समस्या के समाधान के लिए त्वरित कार्रवाई करवाने पर पार्षद अंजू बिष्ट का आभार व्यक्त किया। इस दौरान मौके पर राकेश बिष्ट, पवन बिष्ट, रजत अधिकारी, दीपा अधिकारी, उमा बिष्ट, तेज सिंह नेगी डौबाल, गीता बिष्ट सहित कई स्थानीय लोग मौजूद रहे।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि वृक्ष की शाखाएं काफी फैली हुई थीं, जिससे आसपास के घरों और राहगीरों को खतरा बना हुआ था। अब लॉपिंग की अनुमति मिलने से लोगों ने राहत की सांस ली है।



