अल्मोड़ा। नगर निगम क्षेत्र के आवास विकास वार्ड में सोमवार सुबह बाघ ने एक घोड़े को अपना निवाला बना लिया। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र के पार्षद विजय भट्ट मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। घटना के बाद आसपास के लोगों में दहशत और वन विभाग के प्रति खासा रोष देखने को मिल रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार बाघ पिछले करीब 10 दिनों से क्षेत्र के आसपास लगातार घूम रहा था। बाघ की मौजूदगी को लेकर स्थानीय लोगों में पहले से ही भय का माहौल बना हुआ था। लोगों का कहना है कि मामले की जानकारी मीडिया के माध्यम से भी सामने लाई गई थी, लेकिन इसके बावजूद वन विभाग की ओर से समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए।
सोमवार को बाघ ने आवास विकास क्षेत्र में एक घोड़े पर हमला कर उसे मार डाला। घटना की सूचना मिलते ही पार्षद विजय भट्ट मौके पर पहुंचे। घोड़े को बाघ द्वारा निवाला बनाए जाने की घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने वन विभाग से तत्काल क्षेत्र में गश्त बढ़ाने, बाघ की निगरानी करने और उसे पकड़ने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।
लोगों का कहना है कि यदि बाघ लगातार आबादी वाले क्षेत्र में घूम रहा है तो भविष्य में किसी इंसान पर भी हमला हो सकता है। खासकर सुबह और शाम के समय लोगों को घरों से निकलने में भी डर लग रहा है। लोगों ने वन विभाग पर समय रहते संज्ञान नहीं लेने का आरोप लगाते हुए नाराजगी जताई है।
स्थानीय लोगों ने मांग की है कि वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंचकर बाघ की गतिविधियों की निगरानी करे और क्षेत्र में कैमरा ट्रैप लगाने के साथ ही आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करे। साथ ही लोगों को बाघ की मौजूदगी को लेकर सतर्क रहने के लिए जागरूक किया जाए।
घटना के बाद आवास विकास वार्ड सहित आसपास के इलाकों में बाघ को लेकर दहशत का माहौल है। अब देखना होगा कि वन विभाग इस घटना के बाद कितनी गंभीरता से कार्रवाई करता है और आबादी वाले क्षेत्र में लगातार घूम रहे बाघ को लेकर क्या कदम उठाए जाते हैं।




