अल्मोड़ा । अल्मोड़ा नगर के विकास एवं पथ प्रकाश व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए राज्य सरकार द्वारा करोड़ों रुपये की धनराशि जारी किए जाने पर भाजपा निकाय प्रकोष्ठ ने हर्ष व्यक्त किया है।
भाजपा निकाय प्रकोष्ठ के अनुसार, नगर निगम अल्मोड़ा क्षेत्र में पलटन बाजार से कोतवाली तक मार्ग के सौंदर्यीकरण, पथ प्रकाश एवं अवस्थापना कार्यों के लिए 4 करोड़ 66 लाख रुपये तथा नगर क्षेत्र में 200 सोलर लाइटों की स्थापना के लिए 35 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है।
भाजपा निकाय प्रकोष्ठ के जिला संयोजक एवं पार्षद अमित साह ‘मोनू’ ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अल्मोड़ा के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में भी नई विकास परियोजनाओं की स्वीकृति मिलने से नगर के विकास को और गति मिलेगी।
प्रदेश सह-संयोजक कैलाश गुरुरानी ने कहा कि सरकार ने विकसित, स्वच्छ एवं सुंदर अल्मोड़ा की परिकल्पना के साथ नगर निगम का गठन किया है और उसी दिशा में लगातार कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने दोनों विकास कार्यों के लिए धनराशि स्वीकृत होने पर नगर महापौर अजय वर्मा के प्रयासों की भी सराहना की।
भाजपा निकाय प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों ने राज्य सरकार का आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि भविष्य में भी अल्मोड़ा के विकास कार्यों के लिए इसी प्रकार पर्याप्त धनराशि उपलब्ध कराई जाती रहेगी।
इस अवसर पर प्रदेश सह-संयोजक कैलाश गुरुरानी, जिला संयोजक पार्षद अमित साह ‘मोनू’, जिला सह-संयोजक पार्षद श्याम पांडे तथा सह-संयोजक पार्षद वंदना वर्मा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
अल्मोड़ा नगर के विकास कार्यों के लिए करोड़ों की धनराशि जारी, भाजपा निकाय प्रकोष्ठ ने जताया हर्ष
Leave a Comment
Leave a Comment



