
अल्मोड़ा। सांस्कृतिक नगरी अल्मोड़ा के थाना बाजार स्थित कुंदन लाल साह ट्रस्ट सभागार में रविवार को शाह चौधरी समाज द्वारा भव्य होली महोत्सव का आयोजन किया गया। दशकों पुरानी परंपरा को जीवित रखते हुए समाज के लोगों ने अबीर-गुलाल के रंगों के साथ पारंपरिक लोकगायन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से माहौल को उत्सवमय बना दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। सभागार में बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष होल्यारों की उपस्थिति रही। भगवान की स्तुति से प्रारंभ हुई होली गायन में पारंपरिक कुमाऊंनी होली गीतों की मधुर गूंज सुनाई दी, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय और रंगमय हो उठा।
पुरुष फुलारियों और स्वांग ने बढ़ाई रौनक
इस वर्ष की होली में पुरुष फुलारियों का विशेष आकर्षण रहा। पुरुष होली के विशेष सत्र ने आयोजन में नई ऊर्जा का संचार किया। इसके साथ ही समाज के पुरुषों और महिलाओं ने मिलकर पारंपरिक कुमाऊंनी झोड़ा प्रस्तुत किया, जिसने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया।
होली के दौरान विभिन्न स्वांग (प्रहसन) भी प्रस्तुत किए गए, जो कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहे। लोकगीतों के माध्यम से समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया।
प्रमुख व्यक्तित्वों की रही गरिमामयी उपस्थिति
आयोजन में शाह चौधरी समाज के अध्यक्ष दीप लाल साह, पूर्व अध्यक्ष प्रभात साह, पूर्व सचिव उदय राज साह, अनूप साह, इंजी. सिद्धार्थ साह, निशा साह तथा महिला सांस्कृतिक समिति की जया साह प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की सफलता में सुदर्शन शाह, पवन शाह, बृजेश शाह, महेश चंद्र शाह, अभिषेक शाह, रेखा साह, निर्मला शाह, दिनेश चन्द्र साह, विनीता साह, पूजा साह, शीला साह, मीनाक्षी शाह, ममता शाह और बबीता साह सहित अन्य सदस्यों का विशेष योगदान रहा।
कार्यक्रम के समापन पर अध्यक्ष दीप लाल साह ने सभी अतिथियों एवं होल्यारों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन समाज को एक सूत्र में पिरोने का कार्य करते हैं तथा नई पीढ़ी को अपनी लोक परंपराओं से जोड़ने का सशक्त माध्यम बनते हैं।
होली के रंग, संगीत और आपसी सौहार्द के साथ संपन्न यह आयोजन लंबे समय तक लोगों की स्मृतियों में बना रहेगा।



