
कुमाऊँ आयुक्त दीपक रावत ने किया उद्घाटन, खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह
अल्मोड़ा। हेमवती नंदन बहुगुणा इनडोर स्टेडियम में आयोजित सी.एल. सेन
मेमोरियल जूनियर बैडमिंटन टूर्नामेंट का शुभारंभ कुमाऊँ आयुक्त दीपक रावत द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर आयुक्त ने विभिन्न आयु वर्ग के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएँ जनपद में खेल संस्कृति को सुदृढ़ करने के साथ-साथ नन्हीं प्रतिभाओं को अपनी प्रतिभा निखारने का उत्कृष्ट अवसर प्रदान करती हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना, अनुशासन एवं समर्पण के साथ प्रतिभाग करने का आह्वान किया।
आयुक्त ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से उभरती प्रतिभाओं को पहचान मिलती है और शासन स्तर से उन्हें आगे बढ़ने का अवसर प्रदान किया जाएगा।
जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि बाल्यावस्था से खेलों में सहभागिता बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। खेल बच्चों में आत्मविश्वास, क्षमता एवं सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने एवं खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
17 से 19 फरवरी तक चलेगी प्रतियोगिता
उल्लेखनीय है कि उत्तरांचल स्टेट बैडमिंटन संघ के तत्वावधान में सेन सेंटर फॉर स्पोर्ट्स एक्सीलेंस सोसाइटी एवं जिला बैडमिंटन संघ, अल्मोड़ा द्वारा 17 से 19 फरवरी तक प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है।
प्रतियोगिता अंडर-8, अंडर-9, अंडर-10 एवं अंडर-11 आयु वर्ग में आयोजित हो रही है, जिसमें प्रदेश के विभिन्न जनपदों से खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं।
कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर आर घोड़के, मुख्य विकास अधिकारी रामजीशरण शर्मा, उत्तराखंड बैडमिंटन संघ के सचिव बी.एस. मनकोटी, अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन कोच डी.के. सेन, जिला खेल अधिकारी महेशी आर्य, उप जिला क्रीड़ा अधिकारी अरुण बंग्याल, टूर्नामेंट आयोजक सचिव गोकुल मेहता सहित अन्य पदाधिकारी, अभिभावक एवं खेलप्रेमी उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता के पहले दिन मुकाबले रोमांचक रहे और खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। आयोजन समिति ने उम्मीद जताई कि यह प्रतियोगिता जनपद में खेलों के प्रति नई ऊर्जा का संचार करेगी।





