
अल्मोड़ा। पीएम श्री राजकीय आदर्श सरस्वती बालिका इंटर कॉलेज, अल्मोड़ा का वार्षिकोत्सव ‘आनंद उत्सव’ बड़े धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाचार्या विजया पन्त एवं मुख्य अतिथि विधायक मनोज तिवारी द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
कार्यक्रम में एनसीसी की छात्राओं ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत की मधुर प्रस्तुति के साथ अतिथियों का बैज अलंकरण कर प्रतीक चिन्ह भेंट किए गए।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में कक्षा 12 की छात्रा रिया बिष्ट द्वारा प्रस्तुत एकल नृत्य, कक्षा 7 एवं 8 की छात्राओं द्वारा योग की आकर्षक प्रस्तुति, ‘समुद्र मंथन’ पर आधारित मनमोहक नृत्य-नाटिका तथा कुमाऊँनी लोकनृत्य विशेष आकर्षण रहे। छात्राओं ने गृह विज्ञान, विज्ञान, सामाजिक विज्ञान और क्राफ्ट की सुंदर प्रदर्शनियां भी सजाईं, जिनकी अतिथियों ने सराहना की।
प्रधानाचार्या विजया पन्त ने विद्यालय की वार्षिक आख्या प्रस्तुत करते हुए वर्षभर की शैक्षिक, खेल एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों की उपलब्धियों से अतिथियों को अवगत कराया। इस अवसर पर भाषण, वाद-विवाद, एनसीसी, खेलकूद और संगीत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को अतिथियों के हाथों सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री मेधावी छात्रवृत्ति प्रतियोगिता एवं एनएमएमएस परीक्षा में चयनित छात्राओं को भी पुरस्कृत किया गया।
पूर्व सैनिक ललित मिश्रा द्वारा खेलकूद में राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभाग करने वाली छह छात्राओं को विशेष पुरस्कार प्रदान किए गए। विधायक मनोज तिवारी ने अपने संबोधन में छात्राओं को लक्ष्य निर्धारित कर परिश्रम करने का संदेश दिया तथा विद्यालय परिवार के कार्यों की सराहना की। उन्होंने हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा-2025 में 60 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाली प्रत्येक छात्रा को मेडल पहनाकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में पूर्व आई सर्जन जे.सी. दुर्गापाल, जिला रेडक्रॉस अध्यक्ष आशीष वर्मा, पार्षद जानकी पाण्डे, गुंजन सिंह, दीपक कुमार, पीटीए अध्यक्ष मंजू तिवारी, एसएमसी अध्यक्ष इंदा दुर्गापाल, कांग्रेस कमेटी के महामंत्री तारादत्त जोशी, सेवानिवृत्त शिक्षिकाएं रमा भट्ट, अनीता साह, ललिता रौतेला तथा समाजसेवी एवं शिक्षाविद विद्या कर्नाटक सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन उमा तिवारी, सुमन सती एवं अनुराधा शाह जनोटी ने संयुक्त रूप से किया। दीप्ति पुनेठा व अन्य शिक्षिकाओं ने अतिथियों, अभिभावकों एवं छात्राओं के लिए जलपान की व्यवस्था की।
अंत में प्रधानाचार्या विजया पन्त ने सभी शिक्षिकाओं, कर्मचारियों एवं अतिथियों का आभार व्यक्त किया। उमा तिवारी द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।


