
पाली (अल्मोड़ा)। राजकीय इंटर कॉलेज पाली में वर्ष 2021-22 से विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने हेतु प्रारंभ की गई स्व. लक्ष्मण सिंह नेगी एवं श्रीमती भागीरथी नेगी मेरिटोरियस स्टूडेंट अवार्ड स्कॉलरशिप का वार्षिक कार्यक्रम इस वर्ष भी आयोजित किया जा रहा है। पिछले चार वर्षों से यह स्कॉलरशिप कॉलेज के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों को प्रोत्साहन दे रही है।
यह पुरस्कार सेना से सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट कर्नल सत्येन्द्र नेगी द्वारा अपने माता-पिता की स्मृति में आरम्भ किया गया था। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी जाती हैं, जिनका आनंद आसपास के ग्रामीण बड़ी उत्सुकता से उठाते हैं। इस कार्यक्रम से न केवल विद्यालय का वातावरण उत्साहपूर्ण होता है, बल्कि प्रतिभागी बच्चों का मनोबल भी बढ़ता है।
वर्ष 2025 में सम्मानित होने वाले मेधावी विद्यार्थी
इस वर्ष राजकीय इंटर कॉलेज पाली द्वारा आयोजित स्कॉलरशिप कार्यक्रम में हाईस्कूल में 89% अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली कुमारी नीयति शर्मा, तथा इंटरमीडिएट में 82.2% अंक हासिल कर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले पीयूष नेगी को पुरस्कार हेतु चयनित किया गया है। इनके साथ ही अन्य कक्षाओं में प्रथम आने वाले विद्यार्थियों को भी प्रोत्साहित किया जाएगा।
सभी चयनित मेधावी विद्यार्थियों को कुल 35,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जा रही है। स्कॉलरशिप का यह आयोजन विद्यार्थियों में प्रतिस्पर्धात्मक भावना को विकसित करने के साथ-साथ उन्हें उच्च शिक्षा हेतु प्रेरित करता है।
विद्यालय परिवार एवं स्थानीय ग्रामीणों ने सभी मेधावी विद्यार्थियों को इस सम्मान के लिए शुभकामनाएं दीं और भविष्य के लिए उज्ज्वल सफलता की कामना की।




