
अल्मोड़ा। अल्मोड़ा सिविल सोसाइटी की एक आवश्यक बैठक रविवार को नंदा देवी प्रांगण में संपन्न हुई। बैठक में शहर के अनेक जिम्मेदार और जागरूक नागरिकों ने भाग लेकर नगर की समस्याओं पर गंभीरता से विचार-विमर्श किया।
बैठक में मुख्य रूप से शहर की यातायात व्यवस्था, बंदरों की बढ़ती संख्या तथा नगर में दिन-प्रतिदिन बढ़ती जा रही भिखारियों की समस्या पर विस्तार से चर्चा हुई। उपस्थित लोगों ने कहा कि इन मुद्दों के समाधान के लिए प्रशासन, नगर निगम और समाज के बीच समन्वय की आवश्यकता है।
सदस्यों ने चिंता व्यक्त की कि अल्मोड़ा नगर में यातायात अव्यवस्था लगातार बढ़ रही है, जिससे लोगों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, बंदरों की बढ़ती संख्या से आमजन और पर्यटकों दोनों को परेशानी हो रही है। इसके साथ ही नगर में भिखारियों की बढ़ती गतिविधियां भी सामाजिक और सुरक्षा की दृष्टि से चिंता का विषय बन गई हैं।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि अल्मोड़ा सिविल सोसाइटी का एक प्रतिनिधिमंडल शीघ्र ही जिलाधिकारी, नगर निगम मेयर एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) से मुलाकात कर इन मुद्दों पर ठोस कार्रवाई की मांग करेगा।
इस अवसर पर दिनेश शाह, रीता दुर्गापाल, अजीत कार्की, रमेश चंद्र पांडे, मनोज गुप्ता, आशीष जोशी, संजय कुमार अग्रवाल, वैभव पांडे, अजीत सिंह कार्की, दीपा जोशी, विनोद कर्नाटक, धीरेंद्र कुमार पाठक, संजय अग्रवाल एवं आर.एस. बिष्ट सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक का संचालन सामंजस्यपूर्ण वातावरण में किया गया तथा अंत में नगर के सर्वांगीण विकास हेतु सभी नागरिकों से सहयोग की अपील की गई।



