
अल्मोड़ा। रक्षाबंधन के पावन अवसर पर महिला कल्याण संस्था ने सेना के जवानों को सम्मानित करने का विशेष कार्यक्रम आयोजित किया। संस्था की सदस्याओं ने 19 सिख बटालियन के वीर जवानों और अधिकारियों, मेजर राहुल तिवारी तथा कप्तान अंशुल को राखी बांधकर अपना स्नेह और आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के दौरान संस्था की अध्यक्ष रीता दुर्गापाल ने सभी का स्वागत करते हुए कहा कि आज हमारा देश आप जैसे वीर जवानों की वजह से ही सुरक्षित है। आपके त्याग और बलिदान देश की सेवा में सर्वोच्च स्थान रखते हैं। उन्होंने कहा कि हम आपके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हैं और आज आपको राखी बांधते हुए हम स्वयं को अत्यंत गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। यह हमारा सौभाग्य है कि हमें अपने वीर जवानों को राखी बांधने का अवसर प्राप्त हुआ।
संस्था की संरक्षक नेता उपाध्याय ने कार्यक्रम का संचालन किया। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के प्रेम का पर्व है और जब यह डोर हमारे देश के रक्षकों से जुड़ती है, तो इसका महत्व और भी बढ़ जाता है।
कार्यक्रम में संस्था की सचिव पुष्पा सती, उपाध्यक्ष चंद्र अग्रवाल, ममता चौहान, आदित्य अग्रवाल पांडे, गीता शाह, आशा कर्नाटक, रेखा चौहान, अनुराधा अग्रवाल, दीपा, सतीश जोशी, मंजू जोशी, प्रीति शाह, इंदिरा घांघरिया, ममता कपूर, बिमला तिवारी, हीरा कनवाल, ममता मिश्रा, बीना तिवारी, मीना पांडे, चंद्रा अग्रवाल और अमिता सहित अनेक सदस्याएं मौजूद रहीं।
जवानों ने भी इस सम्मान के लिए संस्था की सभी महिलाओं का आभार व्यक्त किया और कहा कि इस तरह के स्नेह और सहयोग से उनका मनोबल और भी बढ़ जाता है। रक्षाबंधन के इस अनोखे समारोह में भावनात्मक माहौल देखने को मिला, जहां बहनों ने देश की रक्षा का संकल्प निभाने वाले भाइयों के हाथों में रक्षा सूत्र बांधा।




