
अल्मोड़ा। कांग्रेस पार्टी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दिवंगत माता के प्रति अभद्र टिप्पणी को लेकर भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा ने कड़ा रोष प्रकट किया। इस दौरान महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस का पुतला दहन कर विरोध जताया।
महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष लीला बोरा ने कहा कि बिहार में राहुल गांधी की रैली के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी दिवंगत माता को गाली दी गई, जो बेहद निंदनीय है। उन्होंने कहा कि यह अपमान केवल मोदी जी की मां का नहीं बल्कि पूरे देश की माताओं और महिलाओं का है। बोरा ने राहुल गांधी पर भी अशोभनीय भाषा का प्रयोग करने का आरोप लगाते हुए कहा कि “ऐसी भाषा बोलने वाले चुनाव में खाली हाथ ही लौटते हैं।” उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी को देवी स्वरूप माना जाता है, ऐसे में किसी मृत महिला का अपमान किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं है।
नगर अध्यक्ष विनीत बिष्ट ने भी दरभंगा (बिहार) में राहुल गांधी के मंच से प्रधानमंत्री मोदी की मां को अपशब्द कहने की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि यह कांग्रेस की नकारात्मक और घृणित राजनीति है, जो पार्टी को गर्त में ले जाएगी। बिष्ट ने कहा कि “जितनी गाली कांग्रेस देगी, उतना कमल खिलेगा।” उन्होंने राहुल गांधी से प्रधानमंत्री और उनकी मां से सार्वजनिक माफी मांगने की भी मांग की।
इस अवसर पर महिला मोर्चा की प्रदेश सह मीडिया प्रभारी पूनम पालीवाल, जिला उपाध्यक्ष तारा जीना, नगर उपाध्यक्ष दीपा अधिकारी, भाजपा नेत्री कमला तिवारी, महिला मोर्चा प्रभारी, जिलाध्यक्ष कैलाश गूरूरानी, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रवि रौतेला, नगर अध्यक्ष विनीत बिष्ट, पूर्व नगर अध्यक्ष महामंत्री मनोज जोशी, नगर महामंत्री देवेंद्र भट्ट, पूरन रावत, घनश्याम तिवारी, कृष्ण बहादुर सिंह, सागर वर्मा, रंजीत भंडारी समेत अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
विरोध प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेतृत्व पर महिलाओं का अपमान करने का आरोप लगाते हुए जोरदार नारेबाजी की और कहा कि ऐसी राजनीति को जनता कभी स्वीकार नहीं करेगी।




