
सिकुड़ा बैंड स्थित स्मृति पार्क में माल्यार्पण व सांस्कृतिक कार्यक्रम
अल्मोड़ा। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, शिक्षाविद एवं क्रांतिदूत राम सिंह धोनी की जयंती 24 फरवरी को सिकुड़ा बैंड तिराहा स्थित राम सिंह धोनी स्मृति पार्क में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई।
कार्यक्रम का आयोजन राम सिंह धोनी ट्रस्ट द्वारा किया गया। ट्रस्ट के सचिव भूपेंद्र नेगी एवं उनके पौत्र भूपेंद्र सिंह नेगी ने उनके प्रेरणादायक जीवन, त्याग, समर्पण एवं बलिदान पर प्रकाश डालते हुए उपस्थित जनों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि राम सिंह धोनी का जीवन देशभक्ति, शिक्षा और सामाजिक जागरूकता का अद्भुत संगम था।
कार्यक्रम संयोजक कमल कुमार बिष्ट ने बताया कि इस अवसर पर मानस पब्लिक स्कूल अल्मोड़ा के छात्र-छात्राओं ने सरस्वती वंदना के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके अतिरिक्त मानस पब्लिक स्कूल एवं सरस्वती शिशु मंदिर के नन्हे विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां एवं प्रेरक भाषण देकर कार्यक्रम को भव्य स्वरूप प्रदान किया। विद्यार्थियों ने अपने भाषणों में राम सिंह धोनी के जीवन परिचय पर संक्षिप्त जानकारी प्रस्तुत कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर ट्रस्ट के कार्यकारी अध्यक्ष दया कृष्ण कांडपाल, उपाध्यक्ष हयात सिंह गैड़ा, उपसचिव पंकज टम्टा, कोषाध्यक्ष भगवती परिहार सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में रघुनाथ सिंह चौहान एवं अन्य समाजसेवी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने सहभागिता कर स्वतंत्रता सेनानी के आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया। उपस्थित जनसमूह ने राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन किया।


