
खबर सत्यवार्ता
4 जनवरी को होटल शिखर में होगा धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम
अल्मोड़ा।
डोटियाल गाँव, ताकुला स्थित डॉ. एल. डी. भट्ट एस.आर.वी.एम. इंटर कॉलेज के तत्वावधान में राम कथा का भव्य आयोजन रविवार, 4 जनवरी को प्रातः 11:30 बजे से अल्मोड़ा स्थित होटल शिखर में किया जाएगा। यह धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन विद्यालय परिवार के संयुक्त प्रयासों से संपन्न होगा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (आईपीएस) देवेंद्र सिंह पिंचा की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। इस अवसर पर विद्यालय के निर्धन, जुझारू एवं कर्मठ विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत भावपूर्ण सांस्कृतिक कार्यक्रम विशेष आकर्षण का केंद्र होंगे। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियां ग्रामीण प्रतिभा, संस्कार एवं साधना का सजीव परिचय कराते हुए दर्शकों को भावविभोर करेंगी।
उल्लेखनीय है कि यह विद्यालय कुछ प्रबुद्ध एवं सेवानिवृत्त व्यक्तियों के दान और सहयोग से संचालित हो रहा है। न्यूनतम शुल्क में ग्रामीण बच्चों के चतुर्मुखी विकास के लिए समर्पित यह शिक्षण संस्थान डोटियाल गाँव, ताकुला क्षेत्र में शिक्षा, संस्कार एवं सामाजिक चेतना के प्रसार की दिशा में निरंतर कार्य कर रहा है।
विद्यालय परिवार की ओर से समस्त धर्मप्रेमी जनों, अभिभावकों एवं नागरिकों से अपील की गई है कि वे अधिक संख्या में उपस्थित होकर राम कथा में सहभागिता करें तथा विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करें।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय की अध्यक्ष डॉ. वसुधा पंत, प्रबंधक मंगल सिंह बिष्ट सहित प्रबंधन समिति के सदस्य डॉ. गोकुल सिंह रावत, सुरेश पांडेय, सी.एल. वर्मा, एल.एम. कर्नाटक, डॉ. विनोद पांडेय, डी.एस. पिलखवाल, UnCommon Sense Films, दिल्ली के निर्देशक आशुतोष जोशी, होटल शिखर के मैनेजिंग डायरेक्टर राजेश बिष्ट, संस्था की वरिष्ठ एवं कर्मठ सदस्या लज्जा पंत तथा गणेश दत्त भट्ट का विशेष सहयोग रहा है।
राम कथा मंचन की निर्देशक विद्यालय की प्रशासनिक अधिकारी मीनाक्षी पाठक हैं।


