
सोमेश्वर/अल्मोड़ा।
प्रदेश की खेल एवं युवा कल्याण मंत्री रेखा आर्या ने गुरुवार को सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम गोविंदपुर में आयोजित मकर संक्रांति क्रिकेट टूर्नामेंट के विजेता एवं उपविजेता टीमों को सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार खेलों के आधारभूत ढांचे के विस्तार पर लगातार कार्य कर रही है और अब दूर-दराज के गांवों तक खेल मैदान एवं मिनी स्टेडियम विकसित करने पर विशेष फोकस किया जा रहा है।
कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि उत्तराखंड में खेल संस्कृति तेजी से विकसित हो रही है। ऐसे में पहाड़ी क्षेत्रों के युवाओं को खेल को केवल शौक नहीं, बल्कि करियर के रूप में भी अपनाना चाहिए। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए पदक जीतने पर आउट ऑफ टर्न सरकारी नौकरी तथा सरकारी सेवाओं में चार प्रतिशत आरक्षण की व्यवस्था लागू की है, जिससे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अपने भविष्य को लेकर चिंता करने की आवश्यकता नहीं रहेगी।
कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री ने मकर संक्रांति क्रिकेट टूर्नामेंट की विजेता एवं उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को ट्रॉफी एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इसके साथ ही हाल के दिनों में राष्ट्रीय स्तर की विभिन्न प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले स्थानीय युवाओं को भी मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया। मंत्री ने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें निरंतर मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष महेश नयाल, मंडल अध्यक्ष गणेश जलाल, जिला पंचायत सदस्य पुष्पा आर्य, विधायक प्रतिनिधि भुवन जोशी, गोपाल खोलिया, अशोक जलाल, राहुल खोलिया, गणेश अधिकारी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
17 गांवों के खिलाड़ियों को वितरित की गई क्रिकेट किट
इसी क्रम में सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्र के कंडारकुआं मंडल अंतर्गत दीपाधार मंदिर प्रांगण में आसपास के 17 गांवों के युवक मंगल दल एवं क्रिकेट खेलने वाले युवाओं को क्रिकेट किट वितरित की गई। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि जब युवा खेलकूद की गतिविधियों से जुड़ते हैं तो इससे न केवल नई खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है, बल्कि युवाओं का शारीरिक और मानसिक विकास भी सुदृढ़ होता है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार गांव-गांव तक विकास की योजनाएं पहुंचा रही है और सोमेश्वर क्षेत्र में भी बड़ी संख्या में विकास कार्य कराए गए हैं। खेल सुविधाओं के विस्तार से ग्रामीण युवाओं को बेहतर मंच मिल रहा है।
कार्यक्रम में भुवन जोशी, हरीश परिहार, गोपाल सती, भुवन फर्त्याल, दीवान नेगी, जानकी, गोपाल राम, त्रिलोक सिंह रावत, भूपाल परिहार, धन सिंह रावत, तारा सिंह परिहार, विशन सिंह कन्वाल सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक एवं युवा उपस्थित रहे।


