
अल्मोड़ा। नगर क्षेत्र के गैस गोदाम रोड में लंबे समय से हो रही पानी की लगातार निकासी से राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। लगातार बहते पानी से न केवल लोगों के लिए चलना मुश्किल हो गया था, बल्कि सड़क की स्थिति भी दिन-प्रतिदिन खराब होती जा रही थी। इस मार्ग का महत्व और बढ़ जाता है क्योंकि इसी रास्ते से कर्नाटक खोला रामलीला मंचन और लक्ष्मेश्वर दुर्गा पंडाल तक लोगों का आना-जाना बना रहता है।
इस समस्या को लेकर नगर के पार्षद अमित साह ‘मोनू’ और पार्षद अभिषेक जोशी ने नगर निगम महापौर अजय वर्मा से मुलाकात कर स्थिति से अवगत कराया। पार्षदों ने महापौर से आग्रह किया कि त्योहारों के इस समय पर यदि समस्या का तत्काल समाधान नहीं किया गया तो लोगों को बड़ी असुविधा का सामना करना पड़ेगा।
मामले को गंभीरता से लेते हुए महापौर अजय वर्मा ने तुरंत स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अभियंताओं से स्थिति पर चर्चा की और पानी निकासी की समस्या का तत्काल समाधान करने के निर्देश दिए। महापौर के निर्देश पर लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अधिकारी हर्षित गुप्ता ने मौके पर पहुंचकर कार्य शुरू कराया।
आज कार्य की गुणवत्ता का निरीक्षण करने के लिए पार्षद अमित साह ‘मोनू’, पार्षद अभिषेक जोशी और ग्राम पंचायत सदस्य कपिल मल्होत्रा मौके पर पहुंचे। इस दौरान लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता पी.एस. फर्त्याल भी उपस्थित रहे और उन्होंने कार्य की प्रगति की जानकारी दी। निरीक्षण के दौरान स्थानीय लोगों ने भी राहत की सांस ली और महापौर सहित पार्षदों के प्रयासों की सराहना की।
महापौर अजय वर्मा ने कहा कि नगर निगम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए हर समय तत्पर है। उन्होंने कहा, “गैस गोदाम रोड पर पानी की लगातार निकासी से जनता को हो रही दिक्कत की जानकारी मिलते ही मैंने तुरंत अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया और तत्काल प्रभाव से कार्य शुरू कराया। हमारा प्रयास है कि नगर की मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाया जाए ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।”
महापौर ने आगे कहा कि त्योहारों के समय नगर में स्वच्छता, सड़क और यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि किसी भी तरह की समस्या की सूचना मिलने पर तुरंत कार्यवाही की जाए।
स्थानीय पार्षद अमित साह ‘मोनू’ और अभिषेक जोशी और मां दुर्गा समिति लक्ष्मेश्वर के समस्त सदस्यों ने महापौर का आभार जताते हुए कहा कि समय पर समाधान मिलने से लोगों को बड़ी राहत मिली है। ग्राम पंचायत सदस्य कपिल मल्होत्रा ने भी कहा कि कार्य की गुणवत्ता को सुनिश्चित किया जाएगा ताकि भविष्य में दोबारा ऐसी समस्या उत्पन्न न हो।
इस मौके पर उपस्थित स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई कि नगर निगम और विभागों के संयुक्त प्रयास से शहर की अन्य समस्याओं का भी जल्द समाधान होगा।





