
7 खाद्य पदार्थों के नमूने जांच को भेजे, स्वच्छता व मानकों के दिए निर्देश
अल्मोड़ा। राज्य आयुक्त, उत्तराखंड एवं जिलाधिकारी अल्मोड़ा के निर्देशों के क्रम में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मासी, चखुटिया एवं द्वाराहाट क्षेत्र स्थित विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी विपिन कुमार ने बताया कि निरीक्षण के दौरान खाद्य कारोबारकर्ताओं को निर्देशित किया गया कि वे सभी खाद्य पदार्थों की खरीद-फरोख्त केवल पक्के बिल/कैश मेमो के आधार पर ही करें। साथ ही प्रतिष्ठानों में स्वच्छता बनाए रखने, खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने तथा लाइसेंस/पंजीकरण प्रमाण पत्र को अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने बताया कि खाद्य पदार्थों के सुरक्षित भंडारण, निर्माण तिथि एवं समाप्ति तिथि का विशेष ध्यान रखने के लिए भी व्यापारियों को सचेत किया गया। टीम द्वारा साफ-सफाई एवं आवश्यक सावधानियों के पालन के संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए जागरूक किया गया।
7 नमूने जांच को भेजे
निरीक्षण के दौरान संदेह के आधार पर घी, पनीर, सॉस एवं नमकीन सहित कुल 7 खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए गए। सभी नमूनों को जांच हेतु उत्तराखंड खाद्य एवं औषधि विश्लेषक संस्थान भेजा गया है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनपद में खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से निरीक्षण एवं नमूना संग्रह की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।


