
अल्मोड़ा।
नगर के लाला बाज़ार, नंदा देवी, उप्रेती खोला, बिष्टाकूड़ा, गोपालधारा, चीनाखान, धारानौला एवं आसपास के क्षेत्रों में तेंदुए की बढ़ती सक्रियता से लोग दहशत में हैं। विशेषकर शाम ढलते ही लोग घरों से बाहर निकलने से डर रहे हैं, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
महानगर कांग्रेस कमेटी अल्मोड़ा के अध्यक्ष तारा चंद्र जोशी ने कहा कि तेंदुए की आमद से बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों की सुरक्षा पर गंभीर संकट खड़ा हो गया है। नगर क्षेत्र में वन्यजीव की ऐसी सक्रियता बेहद चिंताजनक है और वन विभाग को तत्काल ठोस कदम उठाने चाहिए।
उन्होंने कहा कि अल्मोड़ा सांस्कृतिक नगरी है और नवरात्रि पर्व नजदीक है। इस अवसर पर नगर में जगह-जगह रामलीला की तालीम, माँ दुर्गा की प्रतिमाओं का निर्माण तथा रावण परिवार के पुतलों का निर्माण कार्य चल रहा है। इन गतिविधियों में लगे कलाकार और युवा देर रात घर लौटते हैं, जिससे उनकी सुरक्षा पर खतरा मंडरा रहा है।
जोशी ने यह भी बताया कि सोशल मीडिया पर लगातार तेंदुए को देखे जाने के वीडियो वायरल हो रहे हैं, लेकिन वन विभाग अब तक सक्रिय नहीं दिख रहा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि विभाग को स्थानीय नागरिकों और क्षेत्र के पार्षदों से संपर्क करना चाहिए, पिंजड़े लगाने की कार्यवाही तुरंत शुरू करनी चाहिए तथा नगर में नियमित गश्त सुनिश्चित करनी चाहिए।
उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि वन विभाग ने तुरंत कार्रवाई नहीं की तो कांग्रेसजन जनता के साथ मिलकर आंदोलन के लिए विवश होंगे।



