
शैलगूठ (अल्मोड़ा) – पर्यावरण संरक्षण एवं हरित आच्छादन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से हरेला पर्व के अवसर पर ग्राम सभा शैलगूठ में वृहद वृक्षारोपण एवं पौध वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम मुख्य विकास अधिकारी, अल्मोड़ा के निर्देशानुसार आयोजित हुआ, जिसमें ग्राम प्रधान चंद्रिका तिवारी, ग्राम पंचायत सदस्य एवं पत्रकार कपिल मल्होत्रा तथा ग्राम पंचायत सदस्य भावना मल्होत्रा के नेतृत्व में ग्रामवासियों को पौधे वितरित किए गए।
मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा द्वारा पूर्व में जारी आदेश के अनुसार, हरेला पर्व के प्रथम दिन जनपद में व्यापक जनसहभागिता के साथ पौधारोपण कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में शैलगूठ ग्राम सभा में विभागीय कर्मचारियों की उपस्थिति में ग्रामीणों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया तथा उन्हें पौधे रोपने और उनकी देखभाल करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान ग्राम प्रधान चंद्रिका तिवारी ने कहा कि हरेला पर्व केवल एक सांस्कृतिक परंपरा नहीं, बल्कि हमारी धरती को हरा-भरा रखने और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ पर्यावरण सुनिश्चित करने का संकल्प है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक परिवार को कम से कम दो पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का संकल्प लेना चाहिए।
ग्राम पंचायत सदस्य एवं पत्रकार कपिल मल्होत्रा ने बताया कि ग्राम सभा क्षेत्र में नदियों के किनारे, गाड़-गधेरों, विद्यालय परिसर, सार्वजनिक स्थानों तथा सड़क किनारे पौधारोपण के लिए विशेष योजना बनाई गई है। उन्होंने कहा कि इस अभियान में जनप्रतिनिधियों, विद्यालय के बच्चों, स्वयंसेवी संस्थाओं और स्थानीय नागरिकों की सक्रिय भागीदारी है, जिससे आने वाले समय में शैलगूठ एक हरित ग्राम के रूप में पहचाना जाएगा।
ग्राम पंचायत सदस्य भावना ने कहा कि पौधारोपण केवल एक दिन का कार्य नहीं है, बल्कि यह एक दीर्घकालिक जिम्मेदारी है। उन्होंने महिलाओं को विशेष रूप से आगे आकर इस कार्य में योगदान देने का आह्वान किया।
विभागीय कर्मचारियों ने उपस्थित ग्रामीणों को पौधारोपण की तकनीक, उपयुक्त स्थान चयन, सिंचाई व्यवस्था और पौधों की सुरक्षा के उपायों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पौधों की देखभाल में शुरुआती एक वर्ष सबसे महत्वपूर्ण होता है, इसलिए सभी लोग इसमें निरंतर सहयोग करें।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित जनसमूह ने सामूहिक रूप से यह संकल्प लिया कि वे न केवल पौधे लगाएंगे बल्कि उनकी देखरेख भी करेंगे, ताकि हरेला पर्व का उद्देश्य पूर्ण हो सके।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण, युवा, महिलाएं, छात्र-छात्राएं एवं स्थानीय संस्थानों के प्रतिनिधि संजय कुमार, विकास बिष्ट, भास्कर बिष्ट रोजगार सेवक उपस्थित रहे। पौध वितरण के दौरान वातावरण उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा से भर गया। ग्रामीणों ने कहा कि इस तरह के अभियान से पर्यावरण के साथ-साथ सामाजिक एकजुटता भी मजबूत होती है।
हरेला पर्व के तहत चल रहे इस वृहद वृक्षारोपण अभियान से न केवल ग्राम सभा शैलगूठ का प्राकृतिक सौंदर्य बढ़ेगा, बल्कि यह जल संरक्षण, मृदा संरक्षण और जलवायु संतुलन में भी सहायक होगा।




