
अल्मोड़ा, खाद्य आयुक्त, उत्तराखण्ड एवं जिलाधिकारी अल्मोड़ा के निर्देशों के अनुपालन में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम द्वारा आज प्रातः लोधिया पुलिस बैरियर पर सघन निरीक्षण अभियान चलाया गया। अभियान के तहत बाहरी जनपदों एवं विभिन्न क्षेत्रों से अल्मोड़ा जनपद में प्रवेश कर रही खाद्य सामग्री से लदी गाड़ियों की गहन जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान कुल 16 वाहनों की जांच की गई, जिनमें केएमयू की बसें, ट्रक तथा अन्य छोटे व्यावसायिक वाहन शामिल थे। इन वाहनों के माध्यम से मावा, मिठाई एवं अन्य खाद्य सामग्री जनपद में लाई जा रही थी।
संदिग्ध मावे का नमूना संग्रहित
जांच के दौरान एक बस से लाए जा रहे खुले मावे की गुणवत्ता संदिग्ध प्रतीत होने पर टीम ने विधिवत नमूना संग्रहित किया। संबंधित नमूना परीक्षण हेतु खाद्य विश्लेषणशाला भेज दिया गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के अंतर्गत नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।
पैकेट बंद मिठाइयों की भी जांच
इसी क्रम में एक अन्य वाहन में सप्लाई की जा रही पैकेट बंद मिठाइयों की गुणवत्ता पर संदेह होने के आधार पर उनका भी नमूना लिया गया। इन नमूनों को भी परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि जनपद में वितरित की जा रही खाद्य सामग्री निर्धारित मानकों के अनुरूप है या नहीं।
कारोबारियों से वैध दस्तावेज रखने की अपील
खाद्य सुरक्षा अधिकारी विपिन कुमार ने समस्त खाद्य कारोबारकर्ताओं, सप्लायरों एवं वितरकों से अपील की है कि वे किसी भी खाद्य सामग्री—चाहे खुली हो अथवा पैक्ड—का क्रय-विक्रय केवल पक्के बिलों एवं वैध दस्तावेजों के साथ ही करें। इससे आपूर्ति श्रृंखला में पारदर्शिता बनी रहेगी तथा अनियमितता पाए जाने पर संबंधित सप्लायर, डिस्ट्रीब्यूटर एवं निर्माता की जिम्मेदारी तय की जा सकेगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जनपद में मिलावटी अथवा मानकविहीन खाद्य पदार्थों की आपूर्ति किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। त्योहारों एवं विशेष अवसरों को देखते हुए आगे भी ऐसे सघन निरीक्षण अभियान निरंतर जारी रहेंगे।
निरीक्षण टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी विपिन कुमार के साथ ईश्वर सिंह नेगी एवं कुंदन सिंह उपस्थित रहे।


