
अल्मोड़ा। दीपावली पर्व के दृष्टिगत देवभूमि उद्योग नगर व्यापार मंडल, अल्मोड़ा की एक महत्वपूर्ण बैठक नगर अध्यक्ष संजय साह ‘रिक्खू’ की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में दीपावली सीजन के दौरान व्यापारिक गतिविधियों को सशक्त बनाने एवं व्यापारियों के हितों से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए नगर अध्यक्ष संजय साह ‘रिक्खू’ ने कहा कि हमारा व्यापारी समाज पूरे वर्ष दीपावली, दशहरा, होली जैसे प्रमुख त्यौहारों का इंतजार करता है। इन पर्वों पर व्यापार में वृद्धि की अपेक्षा रहती है, जिसके लिए व्यापारी बैंक से ऋण लेकर, बड़े थोक व्यापारियों से सामान की खरीदारी कर अपने प्रतिष्ठानों को सुसज्जित करते हैं। उन्होंने कहा कि इन त्योहारों से प्राप्त व्यापार ही परिवार के पालन-पोषण एवं बैंक ऋण की अदायगी में सहायक होता है।
संजय साह ने कहा कि आज ऑनलाइन बाजार के बढ़ते प्रभाव से स्थानीय व्यापारियों को भारी नुकसान झेलना पड़ रहा है। ऑनलाइन खरीदे गए सामान की कोई गारंटी नहीं होती, जबकि स्थानीय व्यापारी ग्राहक को गुणवत्ता युक्त उत्पाद और बाद की सेवा दोनों प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि बाहरी कंपनियाँ बड़े-बड़े विज्ञापन लगाकर उपभोक्ताओं को आकर्षित करती हैं, परंतु स्थानीय व्यापारी पूरे वर्ष ग्राहकों को भरोसेमंद और गुणवत्तापूर्ण वस्तुएँ उपलब्ध कराते हैं।
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि आगामी 19 अक्टूबर 2025 (रविवार) को, जो कि दीपावली से पूर्व का प्रमुख खरीदारी दिवस है, अल्मोड़ा नगर के सभी व्यापारिक प्रतिष्ठान खुले रहेंगे। रविवार को सरकारी एवं अर्ध-सरकारी कार्यालय बंद रहते हैं, जिससे आम जनता व कर्मचारियों को त्यौहार की खरीदारी का पूरा अवसर मिलेगा। इस निर्णय से स्थानीय व्यापार को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
बैठक में प्रमुख रूप से जिला अध्यक्ष मनोज सिंह पवार, जिला कार्यकारी अध्यक्ष प्रमोद पवार ‘भीमा’, नगर महासचिव दीप चंद्र जोशी, महिला जिला उपाध्यक्ष एवं पार्षद वंदना वर्मा, वरिष्ठ नगर उपाध्यक्ष दीपक जोशी, कनिष्ठ नगर उपाध्यक्ष आनंद सिंह भोज, महिला नगर उपाध्यक्ष मन्नू गुप्ता, नगर कोषाध्यक्ष रोहित साह, नगर उपसचिव जयप्रकाश पांडेय, अमन टकवाल, जिला महामंत्री हिमांशु कांडपाल, जिला उपाध्यक्ष हिमांशु बिष्ट, जिला संगठन महामंत्री नीरज थापा ‘बिट्टू’, जिला संयुक्त महामंत्री कमल बिष्ट, जिला मंत्री दिनेश कांडपाल, दीपक बिष्ट, दीपक नायक, जिला कोषाध्यक्ष गणेश जोशी ‘गुड्डू’, एवं जिला प्रचार मंत्री दीक्षित जोशी उपस्थित रहे।
बैठक का संचालन नगर महासचिव दीप चंद्र जोशी ने किया तथा अध्यक्षता नगर अध्यक्ष संजय साह ‘रिक्खू’ ने की।





