
भाजपा जिलाध्यक्ष ने कांग्रेस पर साधा निशाना
अल्मोड़ा। भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष महेश नयाल ने कांग्रेस पार्टी द्वारा केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अजय टम्टा के खिलाफ किए गए पुतला दहन और भ्रामक बयानबाज़ी को जनता को गुमराह करने वाला कदम बताया है।
उन्होंने कहा कि क्वारब क्षेत्र की समस्या का समाधान केवल सांसद अजय टम्टा के निरंतर प्रयासों से संभव हो पाया है। केंद्र सरकार से स्लाइडिंग ज़ोन ट्रीटमेंट हेतु ₹51 करोड़ की धनराशि स्वीकृत हुई है, जिसमें से आधे से अधिक कार्य संपन्न हो चुका है।
नयाल ने बताया कि ₹10 करोड़ 23 लाख की लागत से डोबा-चौसली तक डाइवर्जन मार्ग का निर्माण स्वीकृत हुआ है, जो सीधे क्वारब एंड से जुड़ रहा है। इसके साथ ही बाईपास रोड की स्वीकृति और निविदा प्रक्रिया पूर्ण कर कार्य प्रगति पर है। यह समाधान स्थायी रूप से जनता को राहत देगा।
उन्होंने कहा कि विशेष परिस्थितियों को देखते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) द्वारा बाईपास सड़क के लिए धनराशि स्वीकृत की गई है। ऐसे में कांग्रेस का यह कहना कि जनहित की उपेक्षा हो रही है, पूरी तरह से निराधार है।
भाजपा जिलाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने केंद्रीय मंत्री के बयान को तोड़-मरोड़कर प्रस्तुत किया है, जो केवल राजनीतिक लाभ हेतु किया गया कदम है। उन्होंने कहा कि भाजपा जनता का अपमान किसी भी कीमत पर सहन नहीं करेगी और पार्टी का हर कदम जनता के हित और विकास के लिए समर्पित है।
नयाल ने कांग्रेस से अपेक्षा की कि वह अनर्गल बयानबाज़ी बंद कर रचनात्मक विपक्ष की भूमिका निभाए। साथ ही केंद्र सरकार से सांसद अजय टम्टा के प्रयासों से स्वीकृत धनराशि के लिए सभी जनप्रतिनिधियों को राजनीति से ऊपर उठकर धन्यवाद देना चाहिए और कार्य को शीघ्र सम्पन्न कराने के लिए सकारात्मक पहल करनी चाहिए।
भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस द्वारा लगातार किए जा रहे भ्रामक प्रचार, पुतला दहन और गुमराह करने की राजनीति की कड़ी निंदा की है।





