
अल्मोड़ा। नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत बाड़ीबगीचा में लंबे समय से अवरुद्ध पड़े कलमठ की सफाई का कार्य पार्षद अंजु बिष्ट के प्रयासों से कराया गया। सफाई अभियान के दौरान नगर निगम द्वारा जेसीबी मशीन की सहायता से कलमठ में जमा मलवा निकाला गया, जिसमें कुल दो गाड़ी मलवा तथा दो गाड़ी कूड़ा बाहर निकाला गया। इस कार्रवाई से क्षेत्र में जलभराव और गंदगी की समस्या से स्थानीय लोगों को राहत मिली।
पार्षद अंजु बिष्ट ने बताया कि कलमठ में कूड़ा, पत्थर और सिल्ट जमा होने के कारण बारिश के समय पानी की निकासी बाधित हो रही थी, जिससे आसपास के घरों और रास्तों पर पानी भरने की स्थिति बन जाती थी। स्थानीय नागरिकों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम से समन्वय कर तत्काल सफाई अभियान चलाया गया।
सफाई कार्य के दौरान नगर निगम के अधिकारी राजपाल पवार मौजूद रहे, जिन्होंने अभियान की निगरानी की। पर्यावरण मित्र दीपक चन्दैल ने टीम के साथ मिलकर कूड़ा हटाने में सक्रिय सहयोग किया। इसके अलावा जल संस्थान के जेई महेन्द्र सिंह बिष्ट भी मौके पर उपस्थित रहे और जल निकासी से संबंधित तकनीकी पहलुओं पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
स्थानीय लोगों तुषार कांत साह, राकेश बिष्ट सहित अन्य नागरिकों ने भी सफाई कार्य में सहयोग किया और पार्षद अंजु बिष्ट तथा नगर निगम का आभार जताया। उन्होंने कहा कि कलमठ की सफाई से न केवल जल निकासी सुचारु होगी, बल्कि क्षेत्र में स्वच्छता भी बनी रहेगी।
पार्षद अंजु बिष्ट ने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे कलमठों और नालियों में कूड़ा न डालें तथा स्वच्छता बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि नगर निगम द्वारा आगे भी नियमित रूप से सफाई अभियान चलाए जाएंगे, ताकि शहर को स्वच्छ और सुरक्षित बनाया जा सके।



