
खबर सत्यवार्ता
लंबे संगठनात्मक अनुभव और समर्पण का मिला प्रतिफल
अल्मोड़ा।
भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक मजबूती को और सुदृढ़ करते हुए अल्मोड़ा जनपद की सक्रिय और अनुभवी नेत्री किरन पंत को भाजपा महिला मोर्चा उत्तराखंड का प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त किया है। पार्टी के इस निर्णय से कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है और इसे संगठन के प्रति उनके लंबे समर्पण और निरंतर सक्रियता का परिणाम माना जा रहा है।
किरन पंत का संगठनात्मक सफर वर्ष 2003 में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से प्रारंभ हुआ। वर्ष 2004 में उन्होंने भारतीय जनता पार्टी की सक्रिय सदस्यता ग्रहण की। इसके पश्चात उन्होंने संगठन में विभिन्न महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन करते हुए अपनी कार्यक्षमता का परिचय दिया। वर्ष 2006 में वे नगर महामंत्री महिला मोर्चा अल्मोड़ा बनीं तथा 2008 में नगर महिला मोर्चा अल्मोड़ा का दायित्व संभाला।
वर्ष 2011 में उन्हें जिला मंत्री महिला मोर्चा अल्मोड़ा बनाया गया। उनके उत्कृष्ट संगठनात्मक कौशल को देखते हुए वर्ष 2012 में संगठन द्वारा उन्हें जिला महामंत्री नियुक्त किया गया, जिस पद पर उन्होंने लगातार छह वर्षों तक निष्ठापूर्वक कार्य किया। वर्ष 2018 में संगठनात्मक पुनर्गठन के बाद उन्हें जिला अध्यक्ष महिला मोर्चा अल्मोड़ा–रानीखेत की जिम्मेदारी सौंपी गई।
वर्ष 2019 में उन्होंने महिला सेवा समिति का प्रथम वर्ग पूर्ण किया और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े कार्यक्रमों सहित संगठन के प्रत्येक कार्य में प्रभावी भूमिका निभाई। बीते 16 वर्षों से वे संगठन द्वारा सौंपे गए हर दायित्व को पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाती आ रही हैं। वर्ष 2021 में वे भाजपा महिला मोर्चा उत्तराखंड की प्रदेश मंत्री नियुक्त हुईं।
वर्ष 2022 में उन्हें जागेश्वर विधानसभा प्रभारी बनाया गया, जहां उनके प्रयासों से कई वर्षों बाद भाजपा प्रत्याशी की जीत संभव हुई। इसके साथ ही उन्होंने जिला पिथौरागढ़ प्रभारी का दायित्व भी निभाया। वर्ष 2023 से 2025 तक वे महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष के रूप में कार्यरत रहीं।
सामाजिक क्षेत्र में भी किरन पंत की सक्रिय भूमिका रही है। वर्ष 2023 से वे मां नंदा सुनंदा महिला संस्था की अध्यक्ष हैं, जो गरीब महिलाओं एवं अनाथ बच्चों के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है। वर्ष 2025 में नगर निगम चुनाव में वे महिला सीट की प्रबल दावेदार रहीं और मेयर सहित छह वार्डों में पार्षद प्रभारी के रूप में ऐतिहासिक विजय में अहम भूमिका निभाई। इसी वर्ष जिला पंचायत चुनाव में सुनौली सीट पर भी विजय प्राप्त हुई।
शैक्षणिक रूप से वे एम.ए. (योग) में स्नातकोत्तर हैं। उनका जन्म 1 जून 1987 को हुआ। उनके ससुर स्वर्गीय हरीश चंद्र पंत अधिवक्ता, वर्ष 1996 से संगठन में सक्रिय रहे तथा पूर्ववर्ती सरकार में दर्जा राज्य मंत्री रह चुके थे। उनके पति भी वर्ष 1999 से भाजपा के सक्रिय कार्यकर्ता हैं और पूर्व में जिला मंत्री युवा मोर्चा अल्मोड़ा रह चुके हैं।
भाजपा नेतृत्व द्वारा किरन पंत को प्रदेश उपाध्यक्ष बनाए जाने को संगठन में महिला नेतृत्व को सशक्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


