
अल्मोड़ा।
महिला कल्याण संस्था की एक आवश्यक बैठक महिला होलीकोत्सव की तैयारियों को लेकर आयोजित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि कुछ अपरिहार्य कारणों के चलते इस वर्ष महिला होलीकोत्सव का आयोजन पूर्व निर्धारित कार्यक्रम में आंशिक परिवर्तन के साथ किया जाएगा। अब यह उत्सव आगामी 25 एवं 26 फरवरी को मल्ला महल में आयोजित होगा।
बैठक में जानकारी दी गई कि 25 फरवरी को अल्मोड़ा नगर के विभिन्न मोहल्लों की महिला टीमें प्रातः 11 बजे से मल्ला महल में प्रतिभाग करेंगी। इस चरण में चयनित प्रथम, द्वितीय, तृतीय एवं चतुर्थ स्थान प्राप्त करने वाली टीमें अगले दिन 26 फरवरी को बाहर से आई महिला टीमों के साथ संयुक्त रूप से प्रतियोगिता में भाग लेंगी। आयोजन को चरणबद्ध ढंग से संपन्न कराने का उद्देश्य अधिक से अधिक प्रतिभागियों को मंच प्रदान करना बताया गया।
पूर्व की भांति इस वर्ष भी प्रत्येक टीम में 10 महिलाएं शामिल होंगी। प्रत्येक टीम को 15 मिनट का समय निर्धारित किया गया है, जिसमें वे होली गीत, नृत्य एवं स्वांग के माध्यम से अपनी प्रस्तुति देंगी। आयोजकों ने स्पष्ट किया कि सभी टीमों के लिए जुलूस में भाग लेना अनिवार्य होगा, जिससे आयोजन की सांस्कृतिक गरिमा और सामूहिक सहभागिता बनी रहे।
इस वर्ष के होलीकोत्सव की विशेषता यह रहेगी कि कुमाऊनी होली के साथ-साथ देश के विभिन्न राज्यों की होली परंपराओं का भी जुलूस में प्रदर्शन किया जाएगा। इनमें मथुरा-वृंदावन की लठमार होली, बंगाली होली, राजस्थानी होली, पंजाबी होली सहित अन्य प्रांतों की लोकपरंपराएं शामिल होंगी। इसके साथ ही कुमाऊं की जौनसारी होली इस बार विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी, जिसे दर्शकों के लिए खास रूप से प्रस्तुत किया जाएगा।
बैठक में आयोजकों ने कहा कि महिला होलीकोत्सव केवल एक सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि महिलाओं की सहभागिता, लोकसंस्कृति के संरक्षण और सामाजिक एकता का प्रतीक है। आयोजन को भव्य एवं अनुशासित ढंग से संपन्न कराने के लिए विभिन्न जिम्मेदारियां भी तय की गईं।
बैठक की अध्यक्षता संस्था की अध्यक्ष रीता दुर्गापाल ने की। बैठक का संचालन संरक्षक मीता उपाध्याय एवं सचिव पुष्पा सती द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। बैठक में ममता चौहान, चंद्रा अग्रवाल, आशा पंत, अनीता रावत, दीपा सतीश जोशी, गीता शाह, राधिका जोशी, रमा जोशी, दीपा जोशी, सरला बिष्ट, अदिति अग्रवाल पांडे सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
अंत में सभी सदस्यों ने महिला होलीकोत्सव को सफल बनाने के लिए सामूहिक सहयोग और सक्रिय भागीदारी का संकल्प लिया।


