
अल्मोड़ा।
नन्दा देवी मेले के दौरान घायल अवस्था में मिले स्थानीय युवक हेम सोराड़ी की ईलाज के दौरान विगत दिवस मौत हो गई। उसकी मौत को लेकर संदेह गहराता जा रहा है। स्थानीय लोगों एवं मेला समिति का कहना है कि यह मृत्यु संदिग्ध प्रतीत हो रही है और आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या की गई है।
इसी मामले को लेकर नन्दा देवी मंदिर समिति के पदाधिकारी एवं स्थानीय लोग सीओ सिटी से मिले और उन्हें ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच की मांग की।
मेला समिति अध्यक्ष मनोज वर्मा ने कहा कि अल्मोड़ा जैसी शांत जगह में इस प्रकार की घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। संदेह है कि मृतक पर हमला कर उसकी हत्या की गई है। समिति सचिव मनोज सनवाल ने कहा कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच करे और यदि कोई संदिग्ध सामने आता है तो उस पर कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उचित कार्रवाई नहीं हुई तो स्थानीय जनता के साथ आंदोलन किया जाएगा।
पार्षद अमित साह मोनू ने कहा कि क्षेत्र में अराजक तत्वों पर लगाम लगाना बेहद जरूरी है। जल्द ही नवरात्र एवं रामलीला-दुर्गा पूजन जैसे धार्मिक आयोजन होने वाले हैं, जहां माता-बहनों का आना-जाना लगा रहता है। ऐसे में पुलिस विभाग को जगह-जगह चेकिंग अभियान एवं गश्त बढ़ानी चाहिए ताकि लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि इस मामले में ढिलाई कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उपस्थित लोगों ने कहा कि इसी महीने रामलीला और दशहरा भी होने हैं, मगर इस घटना ने लोगों के बीच भय का माहौल बना दिया है। उन्होंने मांग की कि तत्काल जांच कर दोषियों की गिरफ्तारी की जाए।
ज्ञापन सौंपने वालों में नंदा देवी मंदिर समिति अध्यक्ष मनोज वर्मा, सचिव मनोज सनवाल, पार्षद अमित साह मोनू, नगर अध्यक्ष भाजपा विनीत बिष्ट, अनूप साह, हरीश बिष्ट, मनोज सिंह बिष्ट, लावण्य पंत, त्रिलोचन जोशी, परितोष जोशी, नवीन वर्मा, हितेश वर्मा, मोहम्मद हबीब, विजय चौहान, कुलदीप मेर, भारत भट्ट, नमन बिष्ट, वरुण साह, गौरव कनवाल, सुमित साह, पवन पंत, दीपक वर्मा, रवि गोयल, अरहम हबीब सहित दर्जनों स्थानीय लोग मौजूद रहे।




