
अल्मोड़ा।
वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों को देखते हुए जिलाधिकारी अंशुल सिंह की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ-साथ जनपद में संचालित घरेलू गैस एजेंसियों के संचालकों, प्रभारियों और अन्य संबंधित हितधारकों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में घरेलू गैस की आपूर्ति को सुचारु एवं निर्बाध बनाए रखने, कालाबाजारी व जमाखोरी पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने तथा आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने गैस एजेंसी संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि घरेलू गैस आपूर्ति में किसी भी प्रकार का व्यवधान न आने पाए और जिला प्रशासन द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन किया जाए। उन्होंने बताया कि वर्तमान में जनपद में घरेलू गैस की पर्याप्त उपलब्धता है, इसलिए जनपदवासियों को किसी भी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है।
डीएम ने निर्देश दिए कि बिना बुकिंग के किसी भी व्यक्ति को गैस सिलेंडर उपलब्ध न कराया जाए। साथ ही गैस बुकिंग के लिए निर्धारित 25 दिन के अंतराल का अनिवार्य रूप से पालन किया जाए, ताकि सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस मिल सके और अनावश्यक भीड़ या अव्यवस्था की स्थिति न बने।
बैठक में यह भी बताया गया कि गैस वितरण व्यवस्था की निगरानी और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) का गठन किया गया है। इन टीमों में संबंधित क्षेत्र के उपजिलाधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी, थानाध्यक्ष और पूर्ति निरीक्षक शामिल रहेंगे, जो समय-समय पर गैस एजेंसियों का निरीक्षण करेंगे।
जिलाधिकारी ने सभी गैस एजेंसियों को प्रतिदिन अपने स्टॉक का रिकॉर्ड संधारित करने और आवश्यकतानुसार प्रशासन को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कहीं भी कालाबाजारी, जमाखोरी या अनियमितता पाई गई तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
डीएम ने जनपदवासियों से अपील की कि वे निर्धारित समयावधि में ही गैस बुकिंग कराएं और अनावश्यक रूप से अतिरिक्त सिलेंडर लेने का प्रयास न करें। उन्होंने बताया कि यदि किसी उपभोक्ता को ऑनलाइन बुकिंग में समस्या आती है तो वह मैनुअल बुकिंग कर संबंधित गोदाम से सिलेंडर प्राप्त कर सकता है।
वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए एहतियात के तौर पर व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की डिलीवरी पर अस्थायी रोक लगाने की भी जानकारी दी गई, ताकि घरेलू उपभोक्ताओं को प्राथमिकता के आधार पर गैस उपलब्ध कराई जा सके।
उन्होंने बताया कि किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए जिला प्रशासन द्वारा एक आपातकालीन कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है। गैस आपूर्ति से संबंधित शिकायत या सूचना के लिए 05962-237875, 05962-237874 तथा मोबाइल नंबर +91 79004 33294 जारी किए गए हैं।
बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर आर घोड़के, अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र, उपजिलाधिकारी संजय कुमार, सहायक प्रबंधक इंडियन ऑयल गैस रोहित गुप्ता, जिला पूर्ति अधिकारी करुणा पंत, गैस एजेंसियों के प्रभारी, वितरक एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे, जबकि क्विक रिस्पांस दलों के सदस्य वर्चुअल माध्यम से जुड़े रहे।


