
15 दिन में कार्रवाई न होने पर व्यापारी करेंगे उग्र आंदोलन
अल्मोड़ा। प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल, अल्मोड़ा ने क्वारब राष्ट्रीय मार्ग (NH-109) की जर्जर स्थिति और बार-बार यातायात अवरोध को लेकर शुक्रवार को प्रेस वार्ता की। मंडल ने स्पष्ट कहा कि यदि सरकार और विभाग 15 दिन में ठोस कदम नहीं उठाते तो व्यापारी समुदाय उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगा।
व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष सुशील साह ने कहा कि क्वारब मार्ग पूरे कुमाऊँ की अर्थव्यवस्था, पर्यटन, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं की जीवनरेखा है। लेकिन लगातार भूस्खलन और रात में यातायात प्रतिबंध ने इसे जनता के लिए संकट का कारण बना दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार केवल आश्वासन दे रही है जबकि जनता का सब्र टूट चुका है।
व्यापार और जनजीवन पर असर
माल ढुलाई महंगी होने से व्यापार ठप पड़ गया है।
40% तक पर्यटक आवागमन प्रभावित हुआ, होटलों की बुकिंग रद्द हुईं।
छात्रों की उपस्थिति में 25% गिरावट, मरीजों को अस्पताल ले जाना कठिन।
दीपावली व अन्य त्योहारों पर जरूरी वस्तुओं की आपूर्ति बाधित।
मंडल की प्रमुख मांगें
क्वारब मार्ग का 24 घंटे संचालन सुनिश्चित हो।
स्थायी समाधान के लिए रिटेनिंग वॉल, ढलान सुदृढ़ीकरण और वैज्ञानिक तकनीक अपनाई जाए।
मार्ग पर 6 जेसीबी और आधुनिक मशीनरी 24×7 कार्यरत रहें।
विभागीय कार्यों की मासिक समीक्षा और ठेकेदारों की गुणवत्ता जांच की जाए।
दीपावली व शीतकालीन पर्यटन सीजन से पहले समस्या का समाधान सुनिश्चित हो।
आंदोलन की चेतावनी
व्यापार मंडल ने कहा कि चरणबद्ध आंदोलन की रूपरेखा तैयार कर ली गई है।
पहला चरण – हस्ताक्षर अभियान और ज्ञापन।
दूसरा चरण – मशाल जुलूस व शांतिपूर्ण प्रदर्शन।
तीसरा चरण – पूरे कुमाऊँ व्यापारी समुदाय का सामूहिक आंदोलन।
प्रेस वार्ता में जिला कार्यकारी अध्यक्ष संजय अग्रवाल, जिला महामंत्री भैरव गोस्वामी, नगर व्यापार मंडल के सचिव वकुल साह, ट्रांसपोर्ट यूनियन के सचिव फईम खान, जिला मंत्री सुधीर गुप्ता, मनोज वर्मा सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
व्यापार मंडल ने सरकार और प्रशासन से अपील की कि जनता की पीड़ा को समझते हुए क्वारब मार्ग की समस्या को शीर्ष प्राथमिकता पर रखा जाए, अन्यथा व्यापारी आंदोलन उग्र रूप धारण करेगा।
–





