
अल्मोड़ा।
हाल ही में आई आपदा के चलते अल्मोड़ा के शैल बाईपास क्षेत्र में हुए बड़े लैंडस्लाइड ने स्थानीय निवासियों में भय और चिंता का माहौल पैदा कर दिया था। मकान के लिए खतरे की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। इस गंभीर समस्या को संज्ञान में लेते हुए नेशनल हाईवे विभाग ने त्वरित कार्रवाई शुरू की। विभागीय अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण कर प्रभावित क्षेत्र में सुरक्षा एवं मरम्मत कार्य आरंभ कर दिया है।
अधिशासी अभियंता अशोक चौधरी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्यवाही सुनिश्चित करवाई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रभावित क्षेत्र में कार्य को प्राथमिकता के साथ किया जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो। विभाग ने सक्रियता दिखाते हुए एक सप्ताह के भीतर मरम्मत कार्य शुरू कर दिया।
सहायक अभियंता पंकज कुमार ने जानकारी दी कि प्रभावित स्थान पर ब्रेस्ट वॉल (Breast Wall) का निर्माण कराया जा रहा है। यह दीवार न केवल आसपास के मकानों को बल्कि सड़क को भी भूस्खलन के खतरे से बचाने में सहायक होगी। उन्होंने कहा कि ब्रेस्ट वॉल बनने के बाद भविष्य में संभावित आपदा की आशंका को काफी हद तक कम किया जा सकेगा।
वहीं, सहायक अभियंता शंकर सिंह जड़ोत ने बताया कि विभाग की ओर से कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उच्च मानकों के अनुरूप सामग्री का प्रयोग सुनिश्चित किया गया है, ताकि यह निर्माण लंबे समय तक स्थायित्व प्रदान कर सके।
ग्राम पंचायत सदस्य कपिल मल्होत्रा ने भी मौके का दौरा कर कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि आपदा प्रभावित क्षेत्र के लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। विभाग द्वारा त्वरित कार्रवाई करना सराहनीय है। उन्होंने यह भी कहा कि ग्रामीण लंबे समय से भय के माहौल में जी रहे थे, लेकिन अब ब्रेस्ट वॉल बनने से उन्हें राहत मिलेगी।
स्थानीय निवासियों ने भी विभागीय अधिकारियों की तत्परता की सराहना की। ग्रामीणों का कहना था कि यदि समय रहते यह कार्य शुरू न होता तो आने वाले दिनों में मकानों और सड़क दोनों को भारी नुकसान हो सकता था। उन्होंने मांग की कि इस तरह के आपदा संवेदनशील क्षेत्रों में स्थायी समाधान हेतु दीर्घकालिक योजनाएं बनाई जाएं।
गौरतलब है कि अल्मोड़ा नगर एवं आसपास के क्षेत्र भूस्खलन की दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील माने जाते हैं। बरसात के दिनों में यहां लगातार पहाड़ी दरकने और सड़क बाधित होने की घटनाएं सामने आती रहती हैं। इस बार शैल बाईपास क्षेत्र में हुए लैंडस्लाइड ने समस्या की गंभीरता को और बढ़ा दिया। ऐसे में विभाग की त्वरित कार्यवाही से स्थानीय लोगों में विश्वास जगा है।
विभाग इस समय केवल ब्रेस्ट वॉल निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि गड्ढे भरान का कार्य और नालियों को खोलने का काम भी तेजी से कर रहा है, ताकि बरसात के पानी की निकासी सुचारु रहे और सड़क सुरक्षित बनी रहे।





