
अल्मोड़ा।
उत्तराखण्ड मानव सेवा समिति, दिल्ली द्वारा आयोजित टॉपर्स अवॉर्ड व वित्तीय सहायता कार्यक्रम के अंतर्गत कुमाऊँ मण्डल के विभिन्न विद्यालयों के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित करने के लिए दिनांक 24 अगस्त 2025 को सुंदरम होटल, तिकोनिया, हल्द्वानी में भव्य पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया।
इस गरिमामयी अवसर पर पी.एम. श्री राजा आनंद सिंह राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, अल्मोड़ा की चार छात्राओं ने जिला, मंडल और राज्य स्तर की वरीयता सूची में स्थान प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। उत्कृष्ट शैक्षिक प्रदर्शन और सामाजिक जागरूकता के आधार पर विद्यालय को “बेस्ट स्कूल ऑफ द ईयर इन कुमाऊँ मंडल” के प्रतिष्ठित खिताब से सम्मानित किया गया। साथ ही विद्यालय को पुरस्कार स्वरूप प्रोजेक्टर व स्क्रीन प्रदान किए गए।
विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती विजया पंत ने इस उपलब्धि पर विद्यालय की छात्राओं और शिक्षिकाओं को बधाई दी तथा छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि यह पुरस्कार विद्यालय की उच्च शैक्षिक गुणवत्ता, शिक्षकों के समर्पण और छात्राओं की कठिन मेहनत का परिणाम है।
सम्मानित छात्राओं में शामिल थीं –
खुशी बिष्ट (कक्षा 12) – 92% अंकों के साथ चयन, ₹25,000 की धनराशि पुरस्कार स्वरूप
निकिता जोशी (कक्षा 12) – 95.6% अंक, ₹20,000 की पुरस्कार राशि
हर्षिता जोशी (कक्षा 10) – 95.4%, ₹15,000 की धनराशि
रिया बोर (कक्षा 10) – 94.2%, ₹10,000 की पुरस्कार राशि
इन सभी छात्राओं को प्रमाण पत्र, स्मृतिचिह्न एवं स्कूल बैग भी सम्मान स्वरूप प्रदान किए गए।
इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डा. दुर्गेश पंत, डी.जी. यूकॉस्ट उत्तराखण्ड ने छात्राओं के प्रदर्शन की भूरि-भूरि प्रशंसा की और विद्यालय की उपलब्धियों को कुमाऊँ क्षेत्र के लिए एक प्रेरणास्रोत बताया।
कार्यक्रम में विद्यालय की ओर से श्रीमती इन्दु पवार (सहायक अध्यापिका) ने प्रतिनिधित्व किया।
प्रधानाचार्या श्रीमती विजया पंत ने उत्तराखण्ड मानव सेवा समिति तथा आई.एस.एस.ए. फाउंडेशन, अहमदाबाद का आभार व्यक्त किया जिन्होंने न केवल मेधावी छात्राओं को आर्थिक सहायता प्रदान की, बल्कि समाज में उन्हें विशिष्ट पहचान दिलाने का कार्य किया।
इस अवसर पर प्रधानाचार्या ने अत्यंत प्रसन्नता के साथ यह जानकारी भी साझा की कि विद्यालय की छात्रा निकिता जोशी का चयन भारत सरकार द्वारा आयोजित “भारत भ्रमण कार्यक्रम” के लिए भी हुआ है, जो विद्यालय के लिए एक और सम्मानजनक उपलब्धि है।
विद्यालय परिवार ने इस उपलब्धि को विद्यालय की गौरवशाली परंपरा का हिस्सा बताते हुए सभी छात्राओं को उनके उज्ज्वल व स्वर्णिम भविष्य की शुभकामनाएं दीं।



